रविवार, 17 मई 2020

निठल्ला चिंतन


निठल्ला चिंतन

जो धान बोता है, उसके खेत में धान लहलहाता है। गेहूँ बोने वाला, गेहूँ की फसल पाता है। जिसने चना रोपा, उसने चना काटा। आम उगाने वाला आम का स्वामी हुआ। दीक्षा, जीवन को सरलता और सहजता प्रदान करती है। सरल और सहज के घर आनंद वास करता है।
शिक्षित ईर्ष्या बोता है, सम्मान काटना चाहता है। षड्यंत्र रोपता है, यश उगा देखने की इच्छा करता है। पैसा, पद, जुगाड़ से बनी अपनी अस्थायी स्थिति से स्थायी लाभ लेना चाहता है। बीज के तत्व और कोख में होनेवाली प्रक्रिया परिवर्तित करने की विफल कुचेष्टा, कुंठा और अवसाद को घर करने देती है।

सुना है कि सरकार बच्चों के ऑनलाइन अध्ययन अभियान का नामकरण 'दीक्षा' करने जा रही है। ..हे ईश्वर! भविष्य में शिक्षित, दीक्षित भी हों!

*संजय भारद्वाज*
प्रात: 6:03 बजे, 18.5.2020

# दो गज की दूरी, है बहुत ज़रूरी।
🙏🏻✍️

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें